
हुसैनाबाद : राज्य सरकार के निर्देशानुसार प्रत्येक प्रखंड में धान क्रय केंद्र खोलने के लक्ष्य के तहत सोमवार को हुसैनाबाद प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित व्यापार मंडल कार्यालय में धान क्रय केंद्र का शुभारंभ किया गया। मौके पर क्षेत्रीय विधायक संजय कुमार सिंह यादव, बीडीओ हुसैनाबाद सुनील वर्मा, व्यापार मण्डल अध्यक्ष कृष्णा बैठा व प्रखंड प्रमुख राजकुमारी देवी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर केंद्र का उद्घाटन किया। उद्घाटन के साथ ही हुसैनाबाद में धान की खरीद प्रक्रिया भी शुरू हो गई। इस अवसर पर विधायक संजय कुमार सिंह यादव ने कहा कि धान क्रय केंद्र खुलने से स्थानीय किसानों को उनकी फसल का उचित और बेहतर मूल्य मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि किसानों को बिना किसी परेशानी के उनकी उपज का सही दाम मिले। यह क्रय केंद्र किसानों के लिए पारदर्शी और सुविधाजनक व्यवस्था प्रदान करेगा। विधायक ने किसानों से अपील की कि वे समय पर अपना धान केंद्र पर लाकर योजना का लाभ उठाएं।
प्रचार-प्रसार की कमी पर भड़के विधायक, अधिकारियों को लगाई फटकार
उद्घाटन के दौरान धान क्रय केंद्र के प्रचार-प्रसार की कमी और अव्यवस्थाओं को देखकर विधायक संजय कुमार सिंह यादव नाराज हो गए। उन्होंने अनिल कुमार एवं प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी मनोज कुमार को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि किसानों को केंद्र की जानकारी नहीं दी गई तो वे अपना धान बेचने कैसे आएंगे। उन्होंने हुसैनाबाद को “चारागाह” नहीं बनाने की चेतावनी देते हुए लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही। विधायक ने मौके पर मौजूद बीडीओ सुनील कुमार वर्मा को निर्देश दिया कि धान क्रय केंद्र की सही तरीके से मॉनिटरिंग की जाए तथा गांव-गांव में किसानों को जागरूक करने के लिए माइकिंग और प्रचार-प्रसार कराया जाए। मौके पर व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष कृष्णा बैठा, पैक्स अध्यक्ष विमलेश पासवान, मदन पासवान, अभय कुमार सिंह उर्फ टुन्ना सिंह, अनुमंडल अध्यक्ष खुर्शीद खां, अयोध्या सिंह टिकैत, कामाख्या नारायण सिंह सहित कई किसान एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।






